खुर्जा में जंगल में लगी भीषण आग, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के जंगल में भीषण आग लग गई। यह आग सीकरी गांव के एक खेत में पराली जलाने से शुरू हुई और तेजी से ईख के खेत से होते हुए जंगल तक फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए पुलिस और दमकल विभाग को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
भोगपुर निवासी राका चौधरी और अजय चौधरी ने बताया कि उनके पड़ोसी गांव सीकरी के एक व्यक्ति ने शाम करीब 3 बजे अपने खेत में पराली जलाई थी। तेज हवा के कारण आग पहले उनके ईख के खेत में फैली, जो जंगल के करीब था।
आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आसपास के गांवों के लोग घबरा गए। तत्काल 112 पर सूचना दी गई। खुर्जा नगर थाना क्षेत्र की सवाराम चौकी और खुर्जा देहात थाना क्षेत्र की धाराऊं चौकी के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कंट्रोल रूम को सूचना देकर अग्निशमन गाड़ियों की व्यवस्था की गई।
आग लगने से जंगल में कई जीव-जंतु अपनी जान बचाकर भागते हुए दिखाई दिए। चौकी प्रभारी आशीष यादव और सौरव रघुवंशी ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि आग किसी किसान द्वारा खेत में लगाई गई थी, जो तेज हवा के कारण जंगल में फैल गई।
राका चौधरी और अजय चौधरी ने बताया कि वे 28 अप्रैल को खुर्जा नगर थाने में नामजद शिकायत पत्र देंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

