बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की शादी तय हुई
संदीप के पिता और पूर्व सांसद राजवीर सिंह के मुताबिक, अलीगढ़ में गोद भराई और तिलक का आयोजन होगा। इसके लिए अलीगढ़-रामघाट कल्याण मार्ग पर 100 बीघा मैदान में तैयारियां शुरू करने की प्लानिंग है।
परिवार के राज पैलेस आवास की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और नए पत्थर लगाने का भी काम चल रहा है। तिलक में अलीगढ़, अतरौली विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से परिवार के करीबी, समर्थक और परिचित शामिल होंगे।
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निमंत्रण भेजने की तैयारी है। शादी के लिए अलग से वेडिंग प्लानर बुक किए जाने की भी चर्चा है। केटरिंग और जर्मन हैंगर की बुकिंग पर काम चल रहा है। कल्याण सिंह परिवार में इससे पहले 2018 में वैवाहिक समारोह हुआ था। कल्याण सिंह की पौत्री पूर्णिमा सिंह की शादी प्रवीण राज सिंह के साथ हुई थी। समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हुए थे। संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह अतरौली विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। पिता और बड़े भाई के जिले में मौजूद नहीं होने पर वह परिवार की ओर से सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। सौरभ अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। संगठन के संरक्षक उनके पिता राजवीर सिंह हैं।

