तीन बीवी रखने वाले करोड़पति चपरासी शम्सी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
पीलीभीत पुलिस ने शुक्रवार को तीन बीवी रखने वाले करोड़पति चपरासी इलहाम-उर्र-रहमान शम्सी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करोड़ों के घोटाले में शामिल उसकी 2 पत्नी लुबना और अजारा खान, साली फातिमा, सास नाहिद, रिश्तेदार आफिया खान, परिचित परवीन खातून और आशकारा परवीन को गिरफ्तार किया है।
इलहाम की पहली पत्नी अर्शी खातून को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी थी। वह इस समय जमानत पर जेल से बाहर है।
आरोपी चपरासी जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर बीसलपुर इंटर कॉलेज में तैनात था। आठ साल पहले उसने जुगाड़ से जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ऑफिस में अटैचमेंट ले लिया। फिर वह सैलरी के लिए टोकन जनरेट करने आदि जैसे काम भी देखने लगा। उसने तीनों पत्नियों, सास–साली समेत अपने रिश्तेदारों को टीचर, बाबू और ठेकेदार बना दिया।
जांच के दौरान पुलिस को अभी तक 53 ऐसे बैंक खाते मिले हैं, जिसमें घोटाले की रकम ट्रांसफर की गई है। जिन 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है, उनके खातों में 8 सालों में अब तक 8 करोड़ 15 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। ये रकम सैलरी और कॉलेज में फर्जी काम कराने के नाम पर भेजी गई थी। पुलिस ने अलग-अलग बैंक खातों में जमा 5 करोड़ 50 लाख रुपए की धनराशि को फ्रीज करा दिया है।
2026 के फरवरी महीने में बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर ने पीलीभीत डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को एक पत्र भेजा। उसमें बताया गया कि ट्रेजरी ऑफिस से 1 करोड़ 15 लाख रुपए एक निजी बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं।
इसके बाद डीएम ने तीन सदस्य जांच कमेटी गठित की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि DIOS ऑफिस से करीब 8 साल से फर्जी शिक्षकों को दर्शाकर निजी बैंक खातों में धनराशि भेजने का खेल चल रहा है। जांच में मास्टरमाइंड के तौर पर चपरासी इलहाम का नाम सामने आया। पता लगा कि DIOS ऑफिस के चपरासी ने फर्जी सैलरी के टोकन जनरेट कर अपने रिश्तेदारों के अकाउंट नंबर का प्रयोग किया। लेकिन नाम किसी और के दिखाए। करोड़ों रुपए का सरकारी पैसा अपनी तीन पत्नियों और साली समेत अन्य रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इलहाम की तीन पत्नियां हैं। सभी अलग-अलग जगहों पर रहती थीं। इलहाम ने पहली पत्नी अर्शी के बैंक खाते में 1.15 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन किया था। जिससे पूरे घोटाले का खुलासा हुआ।
वहीं, दूसरी पत्नी अजारा ने पूछताछ में बताया कि उसे पति की अन्य शादियों की जानकारी नहीं थी। उसने कहा कि पहली शादी किससे हुई, यह भी उसे नहीं पता। आरोपी इलहाम ने 30 मार्च को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी।

