Crime News

जौनपुर में दूल्हे की 3 गोली मारकर हत्या

जौनपुर में बारात लेकर जा रहे 22 साल के दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात 9 बजे दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके दूल्हे की कार को रोका और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। दूल्हे के पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बारातियों से पूछताछ की। मामला जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र का है।

  • सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन के बेटे आजाद की शुक्रवार को शादी थी। आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी बारात 20 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए रात 8 बजे निकली। बारात में तीन गाड़ियां थीं।
  • एक में दूल्हा और बाकी दोनों गाड़ियों में परिवार के लोग बैठे थे। दूल्हे के छोटे भाई आकाश ने बताया- भाई मोबाइल में व्यस्त था। मनेछा गांव के पास बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए। बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा हुआ था। बदमाशों ने ओवरटेक कर दूल्हे की गाड़ी रोकी और फायरिंग करने लगे।
  • आकाश ने बताया- दूल्हे को तीन गोलियां लग गईं। गाड़ी का ड्राइवर दूल्हे को छोड़कर जान बचाकर भाग गया। दूल्हे की गाड़ी के पीछे बारात की दोनों गाड़ियां थीं। बदमाशों के भागने के बाद हम लोग दूल्हे की कार के पास पहुंचे। दरवाजा खोला तो भाई खून से लथपथ था। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया— वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *