Dailynews

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन रोड शो , मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हुईं

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लखनऊ में रोड शो कर रहे हैं। एयरपोर्ट से निकलने के बाद सुबह 11:20 बजे वह विशेष रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रथ पर मौजूद हैं। 18 किमी लंबे इस रोड शो के दौरान एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक जगह-जगह उनका स्वागत किया जा रहा है।

कार्यकर्ता फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए हैं। वहीं, पादरियों और ननों ने भी उनका स्वागत किया।

नितिन नवीन शनिवार सुबह 11 बजे लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए राजधानी में एक लाख से ज्यादा पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला लखनऊ दौरा है। इससे पहले वह 25 जनवरी 2026 को मथुरा गए थे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन किए थे। नितिन नवीन 36 घंटे तक लखनऊ में रहेंगे। शनिवार को होटल ताज में सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। रविवार को नितिन नवीन आरएसएस (RSS) कार्यालय ‘भारती भवन’ पहुंचेंगे। क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार और प्रांत प्रचारक कौशल कुमार के साथ बैठक करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे की पहली प्राथमिकता 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के ‘PDA’ फॉर्मूले से हुए नुकसान की रणनीतिक काट तलाशना मानी जा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिससे भाजपा 2027 में जीत की हैट्रिक लगा सके।

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के हालिया विवाद पर भी संगठन की ओर से नया संदेश दिया जाएगा। 9 दिन पहले घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम से राष्ट्रीय अध्यक्ष पहली बार बातचीत करेंगे। इसमें अभिजात मिश्रा, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, यतेंद्र शर्मा और अंकुर शर्मा जैसे युवा चेहरे शामिल हैं। इस दौरान सरकार, संगठन और संघ के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश भी की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *