बुलंदशहर : चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का नाम अब महापुरुषों के नाम पर रखा जाएगा
बुलंदशहर में विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का नाम अब महापुरुषों के नाम पर रखा जाएगा। नगर पालिका परिषद ने इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे बोर्ड बैठक में पारित होने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रस्ताव के अनुसार, कलेक्ट्रेट तिराहे का नाम महर्षि परशुराम के नाम पर होगा। भूतेश्वर मंदिर चौराहे को महाराजा अहिबरन के नाम से जाना जाएगा। राधानगर बांध पुलिया तिराहे का नाम अहिल्याबाई होल्कर (मातेश्वरी अहिल्याबाई) और शिवम लॉज तिराहे का नाम महाराजा अजमीढ़ के नाम पर रखने की योजना है। इसके अतिरिक्त, आवास विकास प्रथम स्थित एक पार्क का नाम ‘लोकतंत्र सैनानी पार्क’ प्रस्तावित किया गया है।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य महान व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनकी प्रेरणादायक विरासत से जोड़ना है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब नामकरण की औपचारिक प्रक्रिया और संकेतक बोर्ड लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
स्थानीय स्तर पर इस निर्णय को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं, जबकि अन्य का कहना है कि नाम बदलने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही नए नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

