बुलंदशहर : किसान नेता की गिरफ्तारी, धरना स्थल पर हंगामा, धक्का-मुक्की, लाठियां
बुलंदशहर के बीबी नगर थाना क्षेत्र के बहांपुर गांव में किसानों के धरने के दौरान हंगामा हो गया। किसान यूनियन कामगार के नेता मनवीर तेवतिया को जेल भेजे जाने के बाद शनिवार को धरना स्थल पर जमा ग्रामीणों की भीड़ को पुलिस ने बल प्रयोग कर हटा दिया।
बहांपुर गांव में किसान कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। किसान यूनियन कामगार के नेता मनवीर तेवतिया को पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। नेता की गिरफ्तारी से नाराज ग्रामीण शनिवार को बड़ी संख्या में धरना स्थल पर जमा हो गए।
भीड़ द्वारा हंगामा किए जाने और नारेबाजी की सूचना मिलते ही मौके पर बीबी नगर थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने धरना स्थल पर जमा भीड़ को मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान किसानों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वीडियो में पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। धरना दे रहे किसानों ने पुलिस पर बेवजह लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे और पुलिस की कार्रवाई से कई ग्रामीणों को चोटें भी आई हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भीड़ को तितर-बितर किया गया। फिलहाल धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है।

