शिक्षा घोटाले में लखनऊ पहुंची CBI
अयोध्या अमेठी के वित्त एवं लेखा विभाग में हुए करोड़ों रुपए के कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार सुबह अयोध्या में छापेमारी की। सीबीआई की टीम सुबह करीब 5:30 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के देवकली पुलिस चौकी के निकट स्थित एक मकान पर पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने पवन कुमार मालवीय के आवास पर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच की। टीम ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र कीं और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। जांच के दौरान स्थानीय पुलिस को भी आवश्यक सहयोग के लिए अलर्ट रखा गया था।
अदालत के निर्देश पर जांच कर रही सीबीआई
बताया जा रहा है कि अमेठी के वित्त एवं लेखा विभाग में हुए करोड़ों रुपए के कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अदालत के निर्देश पर सीबीआई जांच कर रही है। इसी क्रम में एजेंसी ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक साथ कार्रवाई की। अयोध्या के अलावा अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में भी सीबीआई की टीमों ने संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के निर्देशन में की गई। अयोध्या में करीब ढाई घंटे तक चली जांच के बाद सुबह लगभग 8 बजे टीम वहां से रवाना हो गई। हालांकि, सीबीआई अधिकारियों ने जांच से जुड़े किसी भी बिंदु पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
घोटाले की जांच में सीबीआई लगातार दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल में लगी हुई है। माना जा रहा है कि विभिन्न जिलों में की गई यह छापेमारी जांच को आगे बढ़ाने और मामले से जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के उद्देश्य से की गई है। फिलहाल एजेंसी की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

