Dailynews

UP में आज कोल्ड डे का अलर्ट…4°C तक जाएगा पारा

Share News
5 / 100

कानपुर : नव वर्ष के पहले दिन यूपी में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में दिन का तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं 15 जिलों में घना तो 26 जिलों में हल्के कोहरे का अलर्ट है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो 6.6 डिग्री के साथ कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया।

दिन के तापमान में लगातार गिरावट
भारत के उत्तरी मैदानी इलाकों में कोहरे की घनी चादर छा गई है, जिससे दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनती दिख रही है। पिछले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई है, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट ने प्रदेश में काफी ठंड बढ़ा दी है।

इन वजहों से होता है कोल्ड डे
कोल्ड-डे तब होता है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम होता है। जब दिन का तापमान 6.4 डिग्री या उससे कम हो तो कोल्ड डे होता है। अगर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिरता है, तो मौसम विभाग इसे गंभीर कोल्ड डे के रूप में दर्ज करता है।

तीन दिनों तक घने कोहरे की स्थिति
कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, घने कोहरे की स्थिति कम से कम अगले 3 दिनों तक बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि इसकी तीव्रता कम हो सकती है। 3 जनवरी तक यह स्थिति रहेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर, बहराइच और श्रावस्ती में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बदायूं, कुशीनगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, गोंडा, सुल्तानपुर, बस्ती, अंबेडकरनगर, मऊ आजमगढ़, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया और बलिया में कोहरे को येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में बह रही बर्फीली हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे आ गया है। बुलंदशहर का अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान कानपुर का 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *