Crime News

कर्नाटक में कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या:लड़की के पिता और BJP ने लव जिहाद बताया

Share News
10 / 100

बेंगलुरु, कर्नाटक के हुबली में कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी के मर्डर केस को भाजपा ने लव जिहाद का मामला बताया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस घटना के पीछे लव जिहाद का एंगल है। कांग्रेस के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई है।

उधर, लड़की के पिता ने भी घटना को लव जिहाद का मामला बताया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फंसाने की योजना बनाई थी। वे उसे धमकी दे रहे थे, लेकिन हमारी लड़की ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लव जिहाद के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या निजी कारणों से की गई है और राज्य में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है।

दरअसल, कर्नाटक के हुबली स्थित बीवीबी कॉलेज कैंपस में गुरुवार (18 अप्रैल) को कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की 23 साल की बेटी नेहा हिरेमथ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। नेहा MCA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थीं। उसी कॉलेज के एक ड्रॉपआउट स्टूडेंट फैयाज खोंडुनाईक (23) ने नेहा के गले, पेट सहित शरीर पर चाकू से 7 वार किए।

हमले में फैयाज को भी चोटें आईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां नेहा को मृत घोषित कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें फैयाज नेहा पर हमला करता हुआ दिखा।

लड़की के पिता निरंजन हिरेमथ ने कहा, ‘मैं मांग करता हूं कि बाकी लोगों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। अगर यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है? लव जिहाद के लिए वे अच्छे परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाते हैं। उनका जल्द से जल्द एनकाउंटर किया जाना चाहिए या फांसी दी जानी चाहिए।’

पुलिस ने 18 अप्रैल को बताया था कि नेहा और फैयाज एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों BCA के दौरान क्लासमेट थे। नेहा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके कारण फैयाज ने घटना को अंजाम दिया।

हुब्बली-धारवाड़ की पुलिस कमिश्नर रेणुका एस सुकेमार ने कहा कि इस मामले में कल FIR दर्ज की गई थी, जिसके एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हमने सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। आरोपी को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 18 अप्रैल की शाम 5 बजे की है। CCTV फुटेज में दिखा कि नेहा कॉलेज कैंपस से बाहर जा रही थी। इसी दौरान फैयाज उसके सामने आ गया। दोनों के बीच पहले कुछ बातचीत हुई, इसके बाद फैयाज ने नेहा पर चाकू से हमला कर दिया।

पहली बार चाकू लगते ही नेहा जमीन पर गिर गई। फिर फैयाज ने उस पर एक के बाद एक छह बार चाकू से वार किए। हमले के बाद फैयाज ने भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ छात्रों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।

कॉलेज के स्टाफ और दूसरे स्टूडेंट्स नेहा को अस्पताल ले गए। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फैयाज ने पूछताछ के दौरान बताया कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थी। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी थी। इसलिए उसने घटना को अंजाम दिया।

मृतक के पिता ने बताया, ‘जब मेरी बेटी कॉलेज से लौट रही थी, तो एक अनजान शख्स ने उस पर 7 वार किया। इससे मेरी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने मेरी बेटी को प्रपोज किया था, लेकिन उसने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया। वह उसे पसंद नहीं करती थी। इन चीजों से दूर ही रहती थी। इस घटना से पहले ही हमने आरोपी से बात की थी और उसे बताया था कि वह मुस्लिम है और हम हिंदू हैं, इसलिए हम इस शादी की इजाजत नहीं दे सकते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *