नोएडा में बंद कमरे में मिली गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड की लाश
ग्रेटर नोएडा में बंद कमरे में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड की लाश मिली है। दोनों किराए के मकान में पति-पत्नी बनकर रह रहे थे। बुधवार देर रात मकान के आसपास रहने वाले लोगों को बदबू आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो लड़के का शव फंदे से लटका मिला, जबकि युवती का शव फर्श पर पड़ा था। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका जता रही है। मामला नॉलेज पार्क के तुगलपुर गांव का है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, दोनों के परिवार को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया- युवक का नाम गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) और लिव-इन पार्टनर का नाम ज्योति(24) है। दोनों तीन साल से साथ रह रहे थे। पुलिस ने जब युवक के परिवार से बात की तो पता चला कि उसकी शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी। हालांकि, वह 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी। गुड्डू बेरोजगार था। शव बुधवार शाम करीब 6 बजे कमरे से बरामद हुए। जो एक दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि गुड्डू के बेरोजगार होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। ज्योति के नौकरी छोड़ने के बाद घर का खर्च मुश्किल हो गया था, जिससे झगड़े और बढ़ गए थे। दोनों को आखिरी बार 20 अप्रैल को देखा गया था। जिस मकान में वे रह रहे थे, उसके मकान मालिक कहीं और रहते हैं। उसी मकान में रहने वाले युवक ने बदबू आने पर मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
गर्लफ्रेंड को मारकर खुद लटका युवक
पुलिस प्रथम दृष्टि में युवती की मौत गला दबाने से होने की आशंका है। फिर इसके बाद युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दीजे। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
कमरा अंदर से बंद था, ऐसे में किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री की संभावना फिलहाल नहीं मानी जा रही है। पुलिस अब इस एंगल पर जांच कर रही है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
युवक करीब 8 महीने पहले यहां रहने आया था और तीन महीने बाद युवती भी उसके साथ रहने लगी। दोनों ने मकान मालिक से खुद को पति-पत्नी बताया था। युवक के परिजनों को युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि दोनों एक ही जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
युवक पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और पहले हैदराबाद में काम करता था। जबकि युवती पास के एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी। लेकिन उसने 6 अप्रैल से अचानक काम पर जाना बंद कर दिया था।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 की रात को सूचना मिली कि तुगलपुर गांव में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में पता चला कि सुरेंद्र नगर के मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले गुड्डू पासवान उर्फ गोलू ने कमरे में पंखे से फांसी लगाई है। वहीं उसकी महिला मित्र ज्योति का शव कमरे में जमीन पर मिला।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

