News

मेरठ में स्मार्ट मीटर की व्यापारियों ने निकाली शव यात्रा

मेरठ में स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापारियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर की शव यात्रा निकालकर विरोध जताया। ऊर्जा भवन के सामने आक्रोशित व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर के पुतले को आग के हवाले कर दिया।

न्यू मोहनपुरी स्थित कार्यालय से व्यापारियों का समूह स्मार्ट मीटर की अर्थी सजाकर निकला। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे। सभी के हाथों में स्मार्ट मीटर विरोधी नारे लिखी तख्तियां थीं। यह शव यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए ऊर्जा भवन पहुंची, जहां व्यापारियों ने जोरदार नारेबाजी की।

पुतला फूंककर जताया आक्रोश ऊर्जा भवन के सामने व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही व्यापार मंदा चल रहा है, ऐसे में स्मार्ट मीटर ने उनकी स्थिति और खराब कर दी है। उनका आरोप है कि हजारों व्यापारियों की बिजली काट दी गई है और सर्वर की समस्या के कारण कनेक्शन जुड़ने में घंटों लग रहे हैं।

मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौपा प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को राहत देने के लिए स्मार्ट मीटर हटाना ही एकमात्र विकल्प है। व्यापारियों का आरोप है कि इन मीटरों के कारण उत्पीड़न बढ़ गया है, जिसे वे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनका कहना है कि जब तक प्रतिष्ठानों से स्मार्ट मीटर नहीं हटाए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

नौ सूत्रीय मांग पत्र सोपा गया – स्मार्ट प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता खत्म कर उपभोक्ता की स्वीकृति पर लगाया जाए। – उपभोक्ता की स्वीकृति पर जब मीटर लगे तो उसे पूरी जानकारी दी जाए। – उपभोक्ता को 5 साल की गारंटी वाला गारंटी कार्ड भी दिया जाए। – मीटर लगने के बाद उपभोक्ता को मौके पर ही ऐप, सीलिंग सर्टिफिकेट दिया जाए। – मीटर से जुड़ी शिकायत के लिए विशेष लैब तैयार की जाए ताकि तत्काल शिकायत का निस्तारण हो। – नए कनेक्शन में एस्टीमेट के नाम पर होने वाला उत्पीड़न बंद किया जाए। – पुराने पीडी कनेक्शन की आड़ में होने वाला उत्पीड़न बंद हो। – प्रीपेड मीटर के पोर्टल को इस तरह अपडेट किया जाए कि बिल जमा होते ही तुरंत आपूर्ति चालू हो जाए। – प्रीपेड मीटर लग जाने के बाद उपभोक्ता की सिक्योरिटी एडजस्ट करने का अकाउंट स्टेटमेंट तैयार कर उपभोक्ता को दिया जाए।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *