Hindi News LIVE

यूपी के 31 जिलों में घना कोहरा, पारा 5ºC, गाजियाबाद-ग्रेटर नोएडा में स्कूल बंद, बारिश की संभावना

Share News

यूपी शीतलहर की चपेट में है। अभी राहत नहीं मिलने वाली है। मंगलवार सुबह से 31 जिलों में सुबह से कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 80 मीटर रह गई। मौसम विभाग का कहना है कि आज बूंदाबांदी हो सकती है। इससे पारा और नीचे गिरेगा। गलन भी बढ़ेगी।

ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 5वीं तक के स्कूल प्रदूषण और ठंड के चलते बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद का इंदिरापुरम इलाका देश में सबसे अधिक प्रदूषित रिकॉर्ड किया गया। यहां का AQI 426 पहुंच गया।

अयोध्या लगातार 6वें दिन सबसे ठंडा रहा। मंगलवार को यहां का न्यूनतम पारा 5 डिग्री दर्ज किया गया।

लखनऊ में गलन बढ़ गई है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शहर की हवा फिर से प्रदूषित हो गई है। AQI 321 पहुंच गया है। गाजियाबाद में शीतलहर पड़ रही है। सुबह से कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय पारा 5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में अधिकतम तापमान 21 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। गोरखपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 80 मीटर रही। तापमान 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना- आने वाले दिनों में शहर के पारे में और गिरावट देखने को मिलेगी।

डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया- प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है।

इससे चक्रवाती घेरा भी बनेगा। इसके प्रभाव से कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। इससे दिन का पारा और नीचे जाएगा। हवा के बराबर चलते रहने से धुंध कम है।

वहीं, CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया- इस वक्त सूखी सर्द पछुवा हवा चल रही है। 24 घंटे के अंदर नमी में 33 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को MP-UP, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर सहित 10 राज्यों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में 12 जिलों में कोल्ड वेव का असर है। सोमवार को पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, यहां का टेम्परेचर 1.9ºC रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *