एटा : प्रिंसिपल ने सिर कूचकर क्लर्क को मारा
एटा में सरकारी इंटर कॉलेज के एक प्रिंसिपल ने रविवार रात 35 साल के क्लर्क की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले ईंट से क्लर्क के सिर पर कई वार किए। इसके बाद मुंह और नाक पर भी ईंट से हमला किया था।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर अपनी कार की डिग्गी में छिपा दिया। फिर रात के अंधेरे में करीब 22 किलोमीटर दूर कासगंज में शव को ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। इसी दौरान सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस ने रात 11:45 बजे उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लखनऊ नंबर की एक कार में शव ले जाया जा रहा है। घेराबंदी कर कार रोकी गई तो डिग्गी से शव बरामद हुआ। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने ईंट और घूसों से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना एटा के जैथरा थाना क्षेत्र की है। जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कसेला गांव में माधवनंद इंटर कॉलेज है। कसेला गांव में कॉलेज के पास प्रिंसिपल कृष्ण कुमार पांडेय (58) का घर है। कॉलेज से 200 मीटर की दूर क्लर्क राहुल पांडेय का मकान है।
प्रिंसिपल कृष्ण कुमार का पीएफ फंड के दस्तावेजों को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद प्रिंसिपल ने राहुल को कॉलेज बुलाया। राहुल सुबह करीब 11 बजे जरूरी काम बताकर बैग लेकर घर से निकले, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इस पर परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने तलाश शुरू की।
शाम करीब 5 बजे जब परिवार के लोग कॉलेज पहुंचे तो मैदान में राहुल का बैग पड़ा मिला, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं था। इसके बाद जैथरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस राहुल का पता लगा रही थी। रात करीब 11:30 बजे प्रिंसिपल कृष्ण कुमार पांडेय कासगंज पहुंचे और कॉलेज के कर्मचारी राजकुमार को फोन किया। बताया कि उन्होंने राहुल की हत्या कर दी है। लाश को कार की डिग्गी में छिपाया है, जल्द ठिकाने लगा दूंगा।
राजकुमार ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी कि कॉलेज के प्रिंसिपल कार की डिग्गी में शव लेकर कासगंज की तरफ गए हैं।
सूचना मिलते ही कासगंज की पटियाली थाना पुलिस ने रात करीब पौने 12 बजे प्रिंसिपल की लखनऊ नंबर की कार को रोक लिया। पुलिस ने जब कार की डिग्गी खुलवाई तो उसमें प्लास्टिक के बोरे में राहुल पांडेय का शव मिला। शव के सिर, मुंह और नाक पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मौके पर ही प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई आदित्य कुमार ने बताया गया कि मेरा भाई स्कूल में काम करने गया था। इसके बाद गांव के ही स्कूल के प्रिंसिपल कृष्ण कुमार पांडेय और चपरासी राजकुमार द्वारा अपहरण कर लिया गया। अपहरण के बाद मेरे भाई को टॉर्चर करके मारा गया है।
मेरे भाई की मौत की सूचना रात में ही ताऊ के लड़के को फोन पर मिली थी। उसे बताया गया कि नीली गाड़ी में बोरी में बंधा हुआ शव मिला है। जिसकी सूचना पर जैथरा पुलिस और हम लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार किया है, लेकिन चपरासी राजकुमार पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

