Crime News

डिजिटल गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर 3.27 करोड़ की ठगी

लखनऊ में एक ठेकेदार से फेसबुक पर दोस्ती कर डिजिटल गोल्ड ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 3.27 करोड़ रुपए की साइबर ठगी कर ली गई। पीड़ित ने महिला समेत 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अलीगंज के सेक्टर-एन निवासी दीपक अग्रवाल ने पुलिस से की शिकायत में बताया वह श्री इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं और जल निगम के ठेके लेकर ट्यूबवेल स्थापना व पानी की टंकियों का निर्माण कराते हैं।

साल 2025 में कारोबार में काफी नुकसान हो रहा था। इस दौरान अक्टूबर में फेसबुक पर रीना अग्रवाल नाम की महिला से संपर्क हुआ। बाद में उसने अपना नाम स्वीटी अहलावत बताया और खुद को अमेरिका स्थित डिजिटल गोल्ड मिरेकल (DGM) कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर एवं एडवाइजर बताया।

ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच दिया

स्वीटी ने अपनी बहन मीनू अहलावत और पिता अजीत सिंह अहलावत से भी बातचीत कराई। पिता को बीएसएफ में अधिकारी बताया। तीनों ने ट्रेडिंग में कभी नुकसान न होने और मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाकर 25 नवंबर 2025 को डीजीएम में उनका अकाउंट खुलवाया। शुरुआत में 40 हजार रुपए जमा कराने के बाद लगातार निवेश कराया गया। दीपक का आरोप है कि ट्रेडिंग अकाउंट में प्रॉफिट सहित 10.23 लाख अमेरिकी डॉलर दिखाए गए, लेकिन रकम इंडियन एकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए आयकर, स्टांप ड्यूटी और सेटलमेंट टैक्स के नाम पर करीब 3.5 करोड़ रुपए जमा करने की शर्त रख दी गई। आरोपियों ने उनकी पत्नी अंकिता अग्रवाल के नाम से भी दूसरा ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर और निवेश कराया।

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के बताए गए विभिन्न बैंक खातों में उन्होंने कुल 3 करोड़ 27 लाख 18 हजार 553 रुपए ट्रांसफर किए। बाद में महिला ने दोनों मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए और फेसबुक अकाउंट भी डिलीट कर दिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी का एहसास हुआ।

दो करोड़ लोन लेकर निवेश किया

दीपक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि स्वीटी अहलावत, मीनू अहलावत, अजीत सिंह अहलावत और सुयोगा भटारिया संगठित गिरोह बनाकर लोगों को डिजिटल ट्रेडिंग के नाम पर ठग रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस रकम की व्यवस्था के लिए करीब दो करोड़ रुपए का बैंक से लोन भी लिया था, जिसकी 6 से 7 लाख रुए मासिक किस्त अभी भी चुका रहे हैं। वहीं मामले में इंस्पेक्टर साइबर थाना बृजेश यादव का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *