गाजियाबाद में हरियाणवी सिंगर पेप्सी शर्मा की हार्ट-अटैक से मौत
हरियाणवी लोक कलाकार और रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। रविवार को सीने में तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र के पतला गांव निवासी पेप्सी शर्मा का असली नाम यशपाल शर्मा था। हरियाणवी लोक कला और रागिनी गायन की दुनिया में वह एक जाना-पहचाना नाम थे। एक गायन प्रतियोगिता में उन्होंने सपना चौधरी को हराकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
सोमवार को गाजियाबाद स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए फैंस और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी विदाई दी।
पेप्सी शर्मा हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी स्टेज परफॉर्मेंस देते थे। वे हरियाणा की गोशालाओं में आयोजित होने वाली रागनी प्रतियोगिताओं में भी नियमित रूप से हिस्सा लेते थे। उनकी पहचान केवल एक गायक के रूप में ही नहीं, बल्कि मंच पर अपने मजाकिया अंदाज और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए भी थी। रागनी कार्यक्रमों के दौरान वे अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को हंसाने और उनका भरपूर मनोरंजन करने की अनोखी कला रखते थे। शर्मा ने मशहूर हरियाणवी स्टेज परफॉर्मर सपना चौधरी के साथ भी कई दफा स्टेज पर परफार्म किया था। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने नागिन डांस से सपना चौधरी को भी कड़ी टक्कर दी थी। इस कार्यक्रम का वीडियो बाद में एक म्यूजिक कंपनी ने रिलीज किया, जिसे 6 करोड़ से अधिक बार देखा गया था।
पेप्सी शर्मा 6 भाइयों में चौथे नंबर पर थे। पिता ज्ञानचंद शर्मा किसान हैं। वहीं मां माया देवी गृहणी। यशपाल 6 भाइयों में सबसे छोटे थे, उनके परिवार में पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटा हैं।
बड़े भाई किराना व्यापारी ऋषिपाल शर्मा ने बताया- पेप्सी शर्मा ने महज 12 साल की उम्र में रागिनी गायन शुरू कर दिया था और तब से वे विभिन्न मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे रहे थे। उन्होंने बुलंदशहर के मशहूर रागिनी कलाकार कोशेंद्र खदाना के साथ भी कई मंच साझा किए थे।
यशपाल एक कार्यक्रम में ढाई से 3 लाख तक चार्ज लेते थे, शुरुआत में उनके कार्यक्रम 10000 से लेकर 20000 तक के होते थे। लेकिन जैसे-जैसे ही वह गायन और मंचों पर फेमस होने लगे तो कार्यक्रम की कीमत बढ़ने लगी, 2017 में हरियाणा के कार्यक्रम में उन्होंने सपना चौधरी को भी हराया था।

