गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई कार
रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कटघर गांव के पास इलाहाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से टकरा गया। इस दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों की पहचान जौनपुर निवासी रविंद्र यादव, उनकी पत्नी श्वेता और बेटे सहर्ष के रूप में हुई है। ये सभी किसी काम से प्रयागराज जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन को सामान्य कराया।

