गाजियाबाद में पति-बेटे और भांजे को खिलाती रही जहर:6 करोड़ के लिए खाने में मिलाया लेड,
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पति, बेटे और भांजे को धीमा जहर देकर मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय महिला रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया है।
वह करीब एक साल तक परिवार के तीन सदस्यों के खाने में सीसा (लेड) का पाउडर थोड़ी-थोड़ी मात्रा मिलाती थी। पुलिस पूछताछ में रेनू ने पति को जहर देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया- रेनू अपने पति सुशील कुमार भटनागर के ट्रैवल कारोबार पर कब्जा करना चाहती थी। इस कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब 5 से 6 करोड़ रुपए है। इसके अलावा सुशील के नाम पर 2 करोड़ रुपए की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भी है, जिसमें रेनू नॉमिनी है।
पुलिस का कहना है कि बिजनेस और बीमा की रकम के लालच में उसने पति, बेटे और भांजे को निशाना बनाया। सुशील वसुंधरा के रहने वाले हैं। उन्होंने पत्नी रेनू, सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, साढ़ू सुशील गिरधर और परिचित बब्लू के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की शिकायत दी थी। पुलिस मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ब्लड टेस्ट में मिली लेड की अधिक मात्रा, दो महीने अस्पताल में रहे
ट्रैवल कारोबारी सुशील ने बताया- 21 अगस्त 2025 को अचानक मेरी तबीयत बहुत बिगड़ गई थी। मैंने एक निजी जांच केंद्र में ब्लड टेस्ट कराया तो शरीर में लेड की मात्रा सामान्य से काफी ज्यादा मिली। इसके बाद मुझे वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मैं करीब दो महीने तक अस्पताल में रहा। यहां तक हालत गंभीर होने पर मुझे आईसीयू में भी रखना पड़ा था।
इलाज के बाद डॉक्टरों ने मुझे बताया कि शरीर में सीसे की मौजूदगी के कारण मुझे क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग हुई है। लंबे समय तक सीसे के संपर्क में रहने से शरीर में सीसे का जहर फैलने लगा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मेरी तबीयत उसी साल दोबारा बिगड़ी और उन्हें फिर भर्ती कराना पड़ा।
अगले कुछ महीनों में मेरा बेटा वंश(16) और भांजा देव भटनागर(21) भी बीमार पड़ गए। तीनों को ठीक होने में कई सप्ताह लगे। तीनों की मेडिकल रिपोर्ट में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि होने के बाद सुशील को पत्नी रेनू पर शक हुआ।
पति और भांजे को मारकर कारोबार पर कब्जा करना चाहती थी
पुलिस पूछताछ में रेनू ने बताया कि वह पति के ट्रैवल कारोबार पर पूरा कंट्रोल चाहती थी। इसके लिए उसने सुशील और भांजे देव को मारने की योजना बनाई थी। देव कारोबार की देखरेख करता था। रेनू ने अपने बेटे वंश को भी निशाना बनाया, क्योंकि वह हमेशा अपने पिता का पक्ष लेता था।
पुलिस का कहना है कि रेनू ने पति, बेटे और भांजे के खाने में नियमित रूप से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सीसा मिलाया। सुशील की 2 करोड़ रुपए की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी में भी रेनू नॉमिनी थी।
एसीपी अभय डागा ने बताया- पति की संपत्ति और इंश्योरेंस के लालच में रेनू ने उन्हें धीमा जहर देने की बात स्वीकार की है।
पिता की ज्वैलरी शॉप में होता है लेड का इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि रेनू के पिता की ज्वैलरी की दुकान है। वहां धातु की ढलाई से जुड़े कामों में लेड का इस्तेमाल किया जाता है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी को सीसा इसी दुकान से मिला था या उसने कहीं और से इसकी व्यवस्था की थी।
पुलिस के मुताबिक, सितंबर में पति का घर छोड़ने से पहले रेनू ने जहर को कहीं कूड़ेदान में फेंक दिया था।
पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। 24 नवंबर 2026 को आरोपी रेनू भटनागर को दिल्ली के विवेक विहार स्थित झिलमिल कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। वह वहां अपनी बहन के घर पर थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने के बाद उसे हिरासत में लिया था।

