झांसी : पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ा, तुरंत शादी करवाई
झांसी में पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ने के बाद पति ने दोनों की शादी करा दी। पति ने दोनों को कपड़े पहनने का मौका भी नहीं दिया और उसी हालत में प्रेमी से पत्नी की मांग में सिंदूर भरवाया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाहिता ने प्रेमी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
मामला जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर चिरगांव थाना क्षेत्र का है। 23 अगस्त को पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को कमरे में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। दोनों की शादी का वीडियो गुरुवार को सामने आया।
पति के मुताबिक, दोनों की शादी जून 2026 में हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पत्नी उसे नींद की गोलियां देती थी। उसके सोने के बाद वह प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी।
तालाबपुरा मोहल्ला में रहने वाले राजेश प्रजापति ने बताया- मेरी शादी 24 जून को दतिया के भांडेर क्षेत्र की अभिलाषा से हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद उसे पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा। उसका आरोप है कि पत्नी उसे नींद की गोलियां देती थी। उसके सोने के बाद प्रेमी से मोबाइल पर बात करती थी।
राजेश का आरोप है कि 19 अगस्त को घर के जेवर भी गायब हो गए। उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सकी। बाद में उसे पता चला कि पत्नी ने कुछ जेवर अपने प्रेमी को दे दिए थे।
राजेश ने बताया कि 23 अगस्त को उसके मामा का एक्सीडेंट हो गया था। वह पत्नी को घर पर छोड़कर झांसी मेडिकल कॉलेज गया था। दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर वह छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।
पति के मुताबिक, कमरे में पत्नी और एक युवक बेड पर मिले। उसने दोनों के फोटो-वीडियो बना लिए। इसी दौरान दोनों ने उसे देख लिया और पकड़कर धक्का दे दिया। वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आया और शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसने 112 पर पुलिस को सूचना दी।
राजेश के मुताबिक, मौके पर पहुंचे लोगों ने फूल और सिंदूर मंगवाकर दोनों की शादी करा दी। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। उसका आरोप है कि प्रेमी के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की गई, जबकि उसकी पत्नी को भी छोड़ दिया गया। राजेश ने घटना से जुड़े फोटो-वीडियो पुलिस को सौंपने की बात कही है। राजेश ने बताया कि घटना के बाद उसने पत्नी के पिता और भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी। उसके मुताबिक, ससुर ने बताया कि उन्हें शादी से पहले ही बेटी के प्रेम-प्रसंग की जानकारी थी। उन्होंने बेटी से एक मोबाइल फोन भी छीन लिया था। बेटी के दोबारा प्रेमी से बात न करने की बात कहने पर उन्होंने मामला खत्म कर दिया और बाद में उसकी शादी राजेश से करा दी।
राजेश का आरोप है कि जब उसने ससुर से पूछा कि प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने के बावजूद उसकी शादी उससे क्यों कराई गई, तो वह नाराज हो गए और जान से मारने की धमकी दी। राजेश का दावा है कि उसके पास बातचीत की रिकॉर्डिंग भी है।

