मथुरा : जोरदार बारिश, सड़क पर नदियों जैसा बहाव
मानसून ने पूरे यूपी को कवर कर लिया है। 15 शहरों में शुक्रवार तड़के से रुक-रुक बारिश हो रही है। मथुरा में दोपहर 1 बजे 30 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया। सड़क पर नदियों जैसा बहाव देखने को मिला। एक स्कूटी और दुकानदारों को सामान बह गया।
कानपुर में गुरुवार देर रात 1 बजे से तड़के 5 बजे तक भारी बारिश हुई। GSVM मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया। कारें-बाइकें आधी डूब गईं। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की 100 फीट दीवार गिर गई। बेंसमेंट की दीवार धंसकने से अपार्टमेंट को खाली करना पड़ा।
इधर, झांसी में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। उन्नाव में इतनी बारिश हुई कि घरों में बरसात का पानी घुस गया। जालौन में भी आंधी के साथ बारिश हुई।
आज यूपी के सभी 75 शहरों में बारिश का अलर्ट है। 11 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 40 किमी. की रफ्तार से हवा चल सकती है। कहीं-कहीं हवा की रफ्तार 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यूपी में पिछले 24 घंटे में औसतन 8.4 मिमी. बारिश हुई। जबकि, सामान्य बारिश 5.5 मिमी. होती है। यानी प्रदेश में 54% अधिक बारिश हुई। वहीं, 1 जून से 2 जुलाई 2026 तक की बात करें तो प्रदेश में कुल 58.3 मिमी बारिश हुई। इस दौरान का सामान्य आंकड़ा 106.8 मिमी. है। यानि अब तक प्रदेश में 45% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पिछले 24 घंटे में संभल में सबसे ज्यादा 46.3 मिमी. बारिश हुई। मिर्जापुर में 43.9 मिमी., आजमगढ़ में 41.3 मिमी., बदायूं में 29.8 मिमी., मुरादाबाद में 24.8 मिमी., वाराणसी में 20.9 मिमी., हरदोई में 19.6 मिमी., बिजनौर-एटा में 18.7 मिमी और लखीमपुर-खीरी में 18.4 मिमी. बारिश हुई।

