मथुरा : राधारानी कमल पर प्रकट हुईं, सखियां जमकर झूमीं
मथुरा में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार सुबह 4 बजे बरसाना के श्रीजी मंदिर में कमल के फूल पर राधारानी प्रकट हुईं। मंदिर जय श्रीराधे के जयकारों से गूंज उठा। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ढोल-नगाड़े बजाए। इसके बाद 25 किलो दूध, दही, घी, बूरा (पिसी हुई चीनी) और शहद से राधारानी का अभिषेक किया गया।
महिलाएं सखी के रूप में बधाई देने पहुंच रही हैं। राधाजी के दर्शन कर जमकर झूम रही हैं। सेल्फी ले रही हैं। राधारानी के 5254वें जन्मोत्सव पर देश-विदेश से 30 लाख श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना है। राधाष्टमी पर मथुरा के सभी मंदिरों को सजाया गया है। भगवान बांके बिहारी लाल का राधारानी के रूप में श्रृंगार किया गया।
बरसाना में दोपहर में दधीकांधा होगा। शाम 7 बजे गौड़िया मठ, महावन और गोवर्धन से चाव और बधाई गायन होगा। इसके बाद राधावल्लभ मंदिर से बड़े रास मंडल तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इधर, राधाष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट है। 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। CCTV और ड्रोन से निगरानी हो रही है। श्रद्धालुओं के लिए यूपी रोडवेज की 160 विशेष बसें चलाई जा रही हैं। 12 मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।

