मिर्जापुर : सड़क हादसा-11 की मौत, 9 जिंदा जले
यूपी के मिर्जापुर में बुधवार रात सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश से गिट्टी लादकर आ रहा ट्राला ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। ट्राले ने पहले स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, फिर एक ट्रक से जा टकराया। कार, ट्राले और ट्रक के बीच फंस गई।
इस दौरान पीछ से आ रही बोलेरो ट्रेलर में जा घुसी। बोलेरो में तेज धमाके के साथ आग लग गई। ड्राइवर समेत नौ लोग जिंदा जल गए। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे। इनके अलावा स्विफ्ट कार का ड्राइवर और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।
मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात साढ़े 9 बजे बड़का मोड़ से एक ट्राला गिट्टी लादकर जा रहा था। अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। इसी बीच ट्राले के पीछे चल रही एक बोलेरो भी ढलान से नीचे उतर रही थी। तभी बेकाबू ट्राला स्विफ्ट कार को रौंदते हुए एक ट्रक से टकरा गया। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ट्राले से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग लगने से बोलेरो में सवार सभी यात्री अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए। लेकिन, तेज आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और लालगंज और हलिया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
- मिर्जापुर डीएम के मुताबिक, मिर्जापुर के जिगना थाने नरैना निवासी अरुण सिंह का परिवार बेटे शिवा (7) साल का मुंडन कराने मैहर गया था। हादसे में शिवा और उसकी मां वंदना सिंह (38) की भी मौत हो गई है। इसके अलावा परिवार के ही वीणा सिंह (47), बेटे पीयूष सिंह (15) और बेटी सोनम की भी जान चली गई।
- बोलेरो में सवार प्रियंका (42), कार्तिकेय (18), पंकज सिंह (40), सोनम (9) और विष्णु (बोलेरो ड्राइवर, निवासी रामपुर) की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रियंका सिंह और कार्तिकेय सिंह मध्यप्रदेश के थे, जो मुंडन में शामिल होने आए थे। वहीं, स्विफ्ट कार सवार मृतक जय प्रकाश (27) सोनभद्र के थे। ट्रक क्लीनर विकास भी मध्य प्रदेश का रहने वाला था।

