नूंह पुलिस ने पकड़ा बुलंदशहर का हथियार सप्लायर
नूंह जिले की तावडू पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े तीसरे आरोपी जसविंदर उर्फ जस्सू को गिरफ्तार किया है। जसविंदर बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के गांव गोपालपुर का निवासी है। उस पर अवैध हथियार, एससी-एसटी एक्ट और जेल में मोबाइल रखने सहित करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मामले की जांच कर रहे एएसआई राहुल खान ने बताया कि 30 जून 2025 को एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि गांव दमदमा निवासी सचिन अवैध हथियारों के साथ गांव गुढ़ा-गुढ़ी क्षेत्र में मौजूद था। पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने तावडू मंडी गेट के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सचिन निवासी गांव दमदमा के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने सचिन के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।
एएसआई राहुल खान के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सचिन ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार जसविंदर उर्फ जस्सू और अलावलपुर निवासी गज्जू से खरीदे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पहले गज्जू को गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में तीसरे आरोपी जसविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
एससी-एसटी का केस दर्ज है आरोपी गज्जू पर
पुलिस ने बताया कि आरोपी जसविंदर का एक लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने और सप्लाई करने, एससी-एसटी एक्ट तथा जेल में मोबाइल रखने जैसे करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

