पुलिस की नई थ्योरी :- ट्रिपल मर्डर: बर्थडे पार्टी में न बुलाने पर विवाद
बुलंदशहर के खुर्जा में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने नई थ्योरी पेश की है। पुलिस के मुताबिक, पूरा विवाद एक बर्थडे पार्टी में न बुलाने से शुरू हुआ, जो बाद में जिम के अंदर हिंसक झगड़े में बदल गया और तीन लोगों की हत्या तक जा पहुंचा।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी जीतू सैनी ने अपना जन्मदिन सीमा पॉटरी केंद्र पर मनाया था। यहां उसने अपने कुछ साथियों को बुलाया था, जहां खाना-पीना और केक काटने का कार्यक्रम हुआ। इस पार्टी में अमरदीप को नहीं बुलाया गया था
जब अमरदीप को पार्टी में न बुलाए जाने की जानकारी हुई तो उसने जिम में अलग से बर्थडे सेलिब्रेशन का प्लान बनाया। उसने फोन करके जीतू और अन्य साथियों को जिम में बुलाया। यहीं से दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराने लगा। जिम में अमरदीप द्वारा जीतू के चेहरे पर केक लगाने के बाद विवाद और बढ़ गया। जीतू ने इसे चुनौती के रूप में लिया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई, जो अंततः ट्रिपल मर्डर तक पहुंच गई।
एसएसपी का कहना है कि दोनों पक्ष पहले से एक ही जिम में साथ जाते थे। इस पूरे घटनाक्रम को आरोपियों ने ‘ईगो’ का मुद्दा बना लिया, जिसके चलते यह खौफनाक वारदात हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनकी अर्जित संपत्ति की भी जांच की जाएगी। मामले में लापरवाही बरतने पर खुर्जा नगर प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह और बीट सिपाही समीम अहमद व पारस यादव पर भी गाज गिरी है।

