Latest

प्रयागराज : ‘मैं 41 साल की हो गई, मेरी शादी करा दो’

मैं 41 साल की हो गई और मैं शादी करना चाहती हूं लेकिन मेरे घर वाले शादी नहीं कर रहे हैं। कहीं से रिश्ता आता है तो मेरा भाई और भाभी इनकार कर देते हैं। कहते हैं पैसे खर्च होंगे। जबकि जमीन लिखवा लेते हैं।

यह कहना है प्रयागराज की एक युवती का, जिसने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरायइनायत थाने में तहरीर दी है। युवती ने अपने माता-पिता, भाई बहन पर FIR दर्ज करने के साथ ही अधिकारियों से शादी कराने की गुहार लगाई है।

माधुरी पटेल (41 साल) सरायइनायत थाना क्षेत्र के मनापुर उर्फ बगईकला गांव की रहने वाली है। माधुरी ने सरायइनायत थाने में तहरीर देकर कहा- मैं 20 साल से घर में अकेले रह रही हूं। मेरे माता-पिता ने पारिवारिक कारणों से मुझे घर से अलग कर दिया है।

पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल मेरे साथ गालीगलौज करने के साथ मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। परिवार के लोग मेरे साथ मारपीट करते हैं।

युवती ने कहा- मेरी उम्र 41 साल हो गई है लेकिन मेरे मां-बाप ने मेरी शादी नहीं की। बल्कि शादी के लिए मुझे ही दोषी ठहराते हैं। मैंने कभी अपनी शादी से इंकार नहीं किया है। तहरीर में युवती ने पुलिस से गुहार लगाई है। उसने कहा- मेरी शादी किसी अच्छे लड़के से करा दी जाए, जिससे मैं सम्मानपूर्वक जीवन जी सकूं।

20 साल से आर्थिक मदद नहीं की

माधुरी ने कहा- मैं पिछले 20 साल से अकेली रह रही हूं लेकिन परिवार ने मेरी किसी प्रकार से आर्थिक मदद नहीं की। उसे कभी खाने-पीने की चीज नहीं दी गई। मैं खुद एक स्कूल में पढ़ाकर, कपड़ों की दुकान, ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना जीवनयापन कर रही हूं।

27 अप्रैल को परिवार ने मारपीट की

माधुरी ने कहा- 27 अप्रैल को मैं घर में नहा रही थी तभी मेरे पिता रामराज पटेल, माता विमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल कमरे में घुस आए और मेरे साथ मारपीट की। मुझे पांचों ने जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद मैं किसी तरह से बचकर भागी।

माधुरी की दो छोटी बहनों की भी नहीं हुई शादी

युवती 4 भाई-बहन है। युवती के बड़े भाई की शादी हो चुकी है। माधुरी ने बताया- मेरी दो छोटी बहनों की उम्र 37 साल और 34 साल हो गई है लेकिन उनकी भी शादी अब तक नहीं हुई है।

माधुरी ने ग्रेजुएशन के साथ डीएलएड किया

माधुरी पटेल ने ग्रेजुएशन के साथ डीएलएड किया है। टीचर भर्ती के लिए CTET और TET का भी एग्जाम दे रही है। पिता खेती किसानी करते हैं। वह ट्रैक्टर भी चलवाते हैं। करीब 15 बीघे जमीन की खेती है।

थाना प्रभारी सरायइनायत संजय गुप्ता ने कहा- मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। बयान दर्ज होंगे। इसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *