Hindi News LIVE

Rammandir Time Change : दोपहर 12 से 1 बजे तक बंद रहेंगे दर्शन

Share News
5 / 100

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज शुक्रवार (16 फरवरी) को पहली बार रामलला ने दोपहर में एक घंटे विश्राम किया। आज से हर रोज दोपहर 12 से 1 बजे तक मंदिर बंद रहेगा। अब 12 बजे भोग और आरती के बाद रामलला एक घंटा विश्राम करेंगे।

दरअसल, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के बाद से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर दोपहर में सिर्फ 15 मिनट के लिए बंद किया जाता था।

ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया, अब भक्त सुबह 6 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 1 बजे से रात 9 बजकर 30 मिनट तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

इसके अलावा तीन टाइम होने वाली आरती में सिर्फ 100 श्रद्धालु ही शामिल हो सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन-ऑफलाइन पास की व्यवस्था शुरू की गई है।

डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामलला की मंगला आरती सुबह 4 बजे, शृंगार आरती सुबह 6:15 बजे और शयन आरती रात 10 बजे होती है। हर आरती के लिए भक्तों को 100-100 पास जारी करना शुरू किया है।पास ऑनलाइन और ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। ऑफलाइन 80 और ऑनलाइन 20 पास जारी किए जाएंगे।

ऐसे मिलेगा ऑनलाइन पास रामजन्मभूमि पथ पर ही ट्रस्ट के कार्यालय से ऑफलाइन पास ले सकते हैं। इसके अलावा ट्रस्ट की वेबसाइट https://srjbtkshetra.org/ से ऑनलाइन पास लिए जा सकते हैं। ऑनलाइन पास के लिए सबसे पहले ट्रस्ट की वेबसाइट https://srjbtkshetra.org/ जाएं। यहां पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद ओटीपी दर्ज करें, फिर डिटेल फीड करके सब्मिट करें। इसके बाद पास इश्यू हो जाएगा।

22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन 23 जनवरी को रिकार्ड 5 लाख से ज्यादा भक्तों ने रामलला के दर्शन किए। इसके बाद वसंत पंचमी तक लगभग हर रोज 2 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन के पहुंचते रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार अब तक करीब 60 लाख भक्त रामलला का दर्शन कर चुके हैं। इस साल करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं के रामलला के दरबार में पहुंचने की संभावना है।

5 राज्यों के सीएम अब तक रामलला के दर्शन पूजन कर चुके हैं। इसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान भी शामिल हैं। इसके अलावा यूपी, अरुणाचल प्रदेश और गोवा के सीएम ने अपनी कैबिनेट के साथ रामलला के दर्शन पूजन किए हैं। बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए थे। इसके बाद एक बार रामलला के दर्शन करने आ चुके हैं।

11 फरवरी को यूपी के CM योगी सरकार ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। मंत्रियों और विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रामलला के दर्शन किए। योगी अपने कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ करीब 2 घंटे तक राम मंदिर में रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *