Crime News

लखनऊ में रिटायर्ड IAS की पत्नी की हत्या, लूटपाट के बाद वारदात

Share News
4 / 100

लखनऊ में रिटायर्ड IAS देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी मोहिनी दुबे (58) की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह घर में लूटपाट के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। शव किचन के स्टोर रूम में मिला। एसीपी गाजीपुर विकास जयसवाल ने कहा कि लूट के बाद हत्या की गई है। पुलिस जांच कर रही है।

देवेंद्र नाथ दुबे गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर सेक्टर-22 में रहते हैं। वारदात के वक्त वह घर में नहीं थे। सुबह गोल्फ खेलने के लिए गए थे। लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर आए तो अलमारी का सामान बिखरा हुआ था।

उन्होंने पत्नी को आवाज दी तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। किचन में पहुंचे तो वहां पत्नी का शव पड़ा था। शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस भी डॉग स्कवॉयड और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच गई।

देवेंद्र दुबे (71) की दूसरी पत्नी मोहिनी थीं। 2009 में वह रिटायर हुए थे, इससे पहले 2007 में उन्होंने शादी की थी। पहली पत्नी से उनको दो बेटे प्रांजल और प्रतीक हैं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम अभी घर के अंदर जांच कर रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक, किचन की गैस खुली हुई थी। वारदात सुबह 7 से 9 बजे के बीच होने की आशंका है। एक पुलिसकर्मी ने दैनिक भास्कर को बताया कि देवेंद्र नाथ दुबे फर्स्ट फ्लोर में रहते हैं। शव भी फर्स्ट फ्लोर पर मिला है। वारदात के वक्त बेटे कहां थे? इस बारे में जानकारी नहीं मिली है।

पुलिस को शक है कि किसी ऐसे व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है जिसे घर और परिवार के रुटीन की जानकारी थी। इसलिए, देवेंद्र नाथ दुबे के गोल्फ खेलने जाने और वापस आने के बीच करीब 2 से 3 घंटे में वारदात की। घर में नौकर भी काम करते थे, उनसे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। एक नौकर अखिलेश के परिवार को भी पुलिस ने बुलाया है।

रिटायर्ड आईएएस के घर के बाहर दो सीसीटीवी लगे थे। वारदात के बाद पुलिस पहुंची तो उनकी डीवीआर यानी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए हैं।

डीवीआर में सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग स्टोर होती है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी को भी चेक कर रही है। कुछ रिश्तेदार भी घर पहुंच गए हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।

देवेंद्र नाथ दुबे का ड्राइवर रवि और उसका भाई अखिलेश भी घर में ही रहता था। रवि ही सुबह कार से लेकर उनको गोल्फ क्लब गया था। अखिलेश कहां था? यह पता नहीं चल पाया है। पुलिस अभी दोनों से पूछताछ कर रही है। देवेंद्र नाथ दुबे की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं। प्रतीक और प्रांजल। प्रतीक लखनऊ में रहता है, जबकि प्रांजल गाजियाबाद में नौकरी करता है।

लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने एक पड़ोसी के घर जाकर पूछताछ की। एक सीनियर अफसर ने बताया कि इंदिरा नगर के जिस इलाके में वारदात हुई वह पॉश कालोनी है। ज्यादातर घरों के बाहर सीसीटीवी लगे हैं। सभी सीसीटीवी की फुटेज अरेंज की जा रही है। लेकिन, अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।

देवेंद्र नाथ दुबे मूल रूप से कन्नौज के रहने वाले हैं। पीसीएस से प्रमोट होकर वह आईएएस बने। वह रायबरेली के डीएम रह चुके हैं। प्रयागराज के कमिश्नर का पद भी उन्होंने संभाला। दुबे रोजाना 5-कालीदास मार्ग स्थित क्लब में गोल्फ खेलने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *