Dailynews

एग्रीकल्चर के छात्र-छात्राओं की बढ़ गई स्कॉलरशिप, मिलेंगे 60000 रुपये

लखनऊः कृषि छात्रों को योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने एग्रीकल्चर के छात्रों के लिए सीटों की संख्या दोगुनी करते हुए छात्रवृत्ति भी बढ़ाने का फैसला किया है. इस नए फैसले के तहत अब कृषि छात्रों को 60 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी. योगी सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ा दिया है. मंडी परिषद की इस योजना के तहत छात्रवृत्ति की निर्धारित सीटों को दोगुना कर दिया गया. साथ ही छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति बढ़ाकर अब सालाना 60 हजार रुपये कर दी गई है. पात्र विद्यार्थियों को अब सालाना 36 हजार रुपये नहीं बल्कि 60 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी. सालाना छात्रवृत्ति में कुल 24 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई. योजना से किसान और खेतिहर मजदूर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को सहारा मिलेगा.

उत्तर प्रदेश के किसानों और खेतिहर मजदूरों के मेधावी बच्चों को अब हायर एजुकेशन के लिए योगी सरकार बड़ी आर्थिक सहायता देगी. मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति की निर्धारित सीटें दोगुनी कर दी गई हैं. पहले जहां 1410 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देने का प्रावधान था तो वहीं अब 2820 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा. इसके साथ ही छात्रवृत्ति की राशि भी सालाना 36 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दी गई है.

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की इस योजना में अब विद्यार्थियों को हर महीने पांच हजार रुपये मिलेंगे. पहले यह राशि तीन हजार रुपये थी. इस योजना का उद्देश्य किसान और खेतिहर मजदूर परिवारों के मेधावी बच्चों को कृषि शिक्षा हासिल करने में आर्थिक मदद देना है. नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कृषि विश्वविद्यालय और कृषि संस्थान में छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 45 से बढ़कर 90 कर दी गई है. इसके अलावा कृषि महाविद्यालय में अब 15 के बजाय 30 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी. प्रदेश के 11 कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि संस्थानों और 61 कृषि महाविद्यालयों में यह योजना लागू है. कृषि विश्वविद्यालयों और संस्थानों में कृषि स्नातक पाठ्यक्रम के लिए छात्रवृत्ति की सीटें 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *