Crime News

सोते समय पेट्रोल डालकर प्रेमी के साथ मिलकर पति को जिंदा जलाया

यूपी के बागपत में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जिंदा जला दिया। रात में सोते समय पत्नी ने प्रेमी से मंगवाए पेट्रोल को पति पर छिड़क दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा युवक चीखता हुआ घर से बाहर भागा।

शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी बिनौली ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने मेरठ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।

घटना 20 जून को बिनौली थाना क्षेत्र में हुई थी। मरने से पहले युवक ने पुलिस को दिए बयान में पत्नी और उसके प्रेमी पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिला मुख्यालय से करीब 38 किलोमीटर दूर बिजवाड़ा गांव निवासी राजीव (40) पत्नी नीशू (37), बेटी परी (9), बेटा कल्लू (7), शिवा (4) और पिता सतबीर सिंह (62) के साथ रहता था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।

परिजनों के मुताबिक, नीशू का पड़ोसी विक्रांत (40) से पिछले पांच साल से प्रेम संबंध था। करीब तीन महीने पहले राजीव को इस संबंध की जानकारी मिली थी। उसने दोनों को मिलने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद दोनों संपर्क में रहे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने राजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

20 जून की शाम राजीव काम से घर लौटा। उसने पत्नी के साथ खाना खाया और रात करीब 11 बजे अपने कमरे में सोने चला गया। वहीं, नीशू बच्चों को लेकर दूसरे कमरे में चली गई। आरोप है कि रात करीब एक बजे, जब राजीव गहरी नींद में था, तब नीशू ने विक्रांत को घर बुलाया। वह अपने साथ दो लीटर पेट्रोल लेकर पहुंचा। इसके बाद दोनों राजीव के कमरे में गए और उस पर पेट्रोल छिड़क दिया।

पेट्रोल पड़ने से राजीव की नींद खुल गई और वह कमरे से बाहर भागने लगा। इसी दौरान नीशू ने माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगने के बाद राजीव घर से बाहर भागा। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। राजीव के पिता सतबीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद विक्रांत को घर से भागते हुए देखा था। उन्होंने 21 जून को बिनौली थाने में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पिता के अनुसार, बहू ने प्रेमी को घर बुलाया था और दोनों ने मिलकर सो रहे राजीव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

इसके बाद आरोपी प्रेमी विक्रांत छत के रास्ते फरार हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले विक्रांत ने राजीव को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने राजीव का बयान दर्ज करने के बाद 22 जून को नीशू और विक्रांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *