कानपुर ससुर हत्याकांड में बेटा ही निकला मास्टरमाइंड, बहू को मिली क्लीनचिट
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर का करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का मास्टरमाइंड सामने आ गया है. जिस ससुर की हत्या के लिए बहू शालू को गिरफ्तार किया गया था, उसका खुद का बेटा सुब्रत हत्यारा निकला है. उसी ने अपने पिता की हत्या के लिए शूटरों को सुपारी दी थी. पुलिस ने दावा करते हुए कहा कि बहू के खिलाफ किसी भी तरह का कोई ठोस सबूत नहीं मिला इसलिए उसे क्लीनचिट दी जा रही है.
यह है मामला
पांच सितंबर की रात दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की उनके अपार्टमेंट में हत्या कर दी गई थी. नौकर विशाल ने अपने एक सहयोगी राजकुमार के साथ मिलकर विनीत को 26 बार चाकू मारे थे. जब पुलिस ने दोनों को पकड़ा तो विशाल ने बहू शालू का नाम लिया था. तब से ही तीनों आरोपी जेल में थे. मगर, बुधवार देर रात पुलिस की शक की सुई शालू के पति सुब्रत पर घूम गई और उसे गिरफ्तार किया गया. तीनों को पुलिस ने साथ में बैठाया और पूछताछ की. इस दौरान नौकर विशाल ने साफ कहा कि सुब्रत के कहने पर उसके पिता की हत्या की थी. उसी ने 6 लाख रुपये देने का वादा किया था. वहीं, शालू को फंसाने की बात भी उसी ने कही थी. उसी के कहने पर शालू का नाम लिया. इसके बाद पुलिस ने सुब्रत से कड़ी पूछताछ की. अब पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना का खुलासा किया है.
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि विनीत मिनोचा दवा कारोबारी हत्याकांड से जुड़ा सारा सच सामने आ गया है. फ्लैट में दाखिल होने के लिए नौकर विशाल ने मुख्य दरवाजे की डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी. इसी डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर आरोपी घर के अंदर घुसे थे. सुब्रत ने विशाल गौतम और राजकिशोर के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची थी. उसी ने शूटरों को मर्डर करने के लिए सुपारी दी थी. उन्होंने कहा कि सुब्रत ने पूछताछ में बताया कि उसके पापा के कई महिलाओं से संबंध थे. वहीं उस पर 40 लाख का कर्ज था.
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी, सीडीआर, वैज्ञानिक साक्ष्य और व्हाट्सएप चैट से साजिश के सुराग मिले हैं. फ्लैट में घुसने के लिए डुप्लीकेट चाबी बनवाई गई थी. इतना ही नहीं, राजकिशोर के पास से खून से सने कपड़े भी बरामद हुए हैं. उन्होंने कहा कि शालू मनोचा को क्लीन चिट दे दी गई है. उसके खिलाफ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला.

