UP NEWS : घर से भागी, तो जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार किया
प्रतापगढ़ में रविवार दोपहर घरवालों ने अपनी 18 साल की जिंदा बेटी की शव यात्रा निकाली। उस पर बेटी की तस्वीर भी रखी। दोपहर करीब 3 बजे पुतले का अंतिम संस्कार कर दिया। कहने लगे- बेटी ने समाज में हमारी बदनामी करा दी। अब वह हमारे लिए मर चुकी है। बेटी अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गी थी।
वहीं लड़की ने कहा- मैं बालिग हूं। अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती हूं। हमें परेशान न किया जाए। घरवाले अब पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार श्राद्ध कर्म और तेरहवीं की तैयारी कर रहे हैं। मामला जेठवारा थाना क्षेत्र का है। आशापुर गांव में रहने वाले जमुना प्रसाद पटेल किसान हैं। उनकी बेटी नीलम का गांव के दूसरी जाति के युवक विनोद कुमार (19) से 2 साल से अफेयर चल रहा था। एक महीने पहले नीलम अचानक घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। 27 अगस्त को घरवालों ने पुलिस से शिकायत कर बेटी को तलाश करने की मांग की।
पुलिस को लड़की अपने प्रेमी के साथ मिली
पुलिस ने जांच शुरू की। 2 दिन पहले नीलम को उसके बॉयफ्रेंड विनोद के साथ बरामद कर लिया गया। दोनों को थाने लाकर घरवालों के सामने बातचीत की गई। बताया जा रहा है, नीलम ने विनोद के साथ रहने की इच्छा जताई। उसने कहा वह विनोद से प्रेम करती है। उसके साथ ही पूरा जीवन बिताना चाहती है।

