Dailynews

दिल्ली, नोएडा-गाजियाबाद में हवा हुई जहरीली , AQI पहुंचा 300 के करीब

Delhi Noida AQI Today: देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. बारिश के थमने और हवा की रफ्तार में आई कमी के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में तेजी से इजाफा दर्ज किया जा रहा है. वातावरण में जमे हुए प्रदूषक कणों के कारण हवा जहरीली होती जा रही है.

दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में एक्यूआई खतरनाक स्तर को पार कर चुका है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. नोएडा की बात करें तो यहां की हवा लगातार खराब होती जा रही है. सेक्टर-125 में एक्यूआई 299 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. इसी तरह सेक्टर-62 में एक्यूआई 239, सेक्टर-116 में 212 और सेक्टर-1 में 142 दर्ज किया गया है. यहां के सभी 4 सक्रिय स्टेशनों से प्राप्त आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं.

गाजियाबाद जिले में भी प्रदूषण ने पैर पसार लिए हैं. यहां के 7 सक्रिय स्टेशनों में से अधिकांश पर हवा की गुणवत्ता गंभीर है. लोनी में एक्यूआई 259, इंदिरापुर में 233, वसंधरा में 230, संजय नगर में 215, वेव सिटी में 182 और वेद विहार-लोनी में 197 एक्यूआई दर्ज किया गया. हालांकि, गोविंदपुरम इकलौता ऐसा इलाका रहा जहां एक्यूआई 54 (संतोषजनक) दर्ज किया गया. दिल्ली की हवा में भी प्रदूषक तत्वों की मात्रा तेजी से बढ़ी है. आनंद विहार में एक्यूआई 271, चांदनी चौक में 255, बवाना में 180, बुराड़ी क्रॉसिंग में 197 और आया नगर में 143 एक्यूआई दर्ज किया गया है. दिल्ली के कई इलाकों में पीएम10 और पीएम2.5 के स्तर में भारी उछाल देखा जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 14 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे. तापमान 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने की संभावना है. हवा में नमी 80 से 65 प्रतिशत तक रहेगी.

हालांकि, राहत की बात यह है कि 15 और 16 अक्टूबर को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है. 15 अक्टूबर को तापमान 33 डिग्री और 16 अक्टूबर को 31 डिग्री तक गिर सकता है. बारिश होने से वातावरण में जमे प्रदूषक कण बह जाएंगे, जिससे हवा साफ होने की उम्मीद है. 17 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 18 और 19 अक्टूबर को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है. तापमान 33 डिग्री के आसपास बना रहेगा.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *