अतीक के दोनों बेटे जेल से प्रयागराज रवाना, वैन में पर्दे डालकर ले गई पुलिस
अतीक अहमद के दोनों बेटे अली और उमर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। प्रयागराज में दोनों छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होंगे। शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे अली को झांसी जेल से 30 पुलिसवाले 400 किमी दूर प्रयागराज के लिए लेकर निकले। अली का चेहरा नजर न आए, इसलिए पुलिस ने वैन पर पर्दे डाल दिए।
लखनऊ जेल से उमर दोपहर 12:30 बजे बाहर आया। उसकी वैन पर भी पर्दे लगाए गए हैं। उमर को 20 से ज्यादा पुलिसवाले ले जा रहे हैं। दोनों की वैन के आगे-पीछे पुलिस की दो-दो गाड़ियां चल रही हैं। जिस थाने की सीमा से अली-उमर गुजर रहे हैं, वहां की लोकल पुलिस उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है।
झांसी से अली को पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेस से होते हुए प्रयागराज ले जाने की चर्चा थी। हालांकि, जालौन में रूट बदल दिया और वाया कानपुर होते हुए प्रयागराज ले जाया जा रहा है।
दोनों को जेल से सीधे प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। इस दौरान दोनों अपने भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से पुलिस की मौजूदगी में एक घंटे मुलाकात करेंगे। पुलिस ने कब्रिस्तान के पास एक मस्जिद में ही मुलाकात की जगह तय की है। इसके बाद दोनों को वापस जेल ले जाया जाएगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को दोनों को 4 शर्तों पर पैरोल दी है। पहली– मीडिया से बात नहीं करनी। दूसरी– सोशल मीडिया एक्टिविटी नहीं करनी। तीसरी– सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करना। चौथी– किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेना। अली-उमर को 4 साल में पहली बार पैरोल मिली है।
लखनऊ और झांसी से दोनों को प्रयागराज पहुंचने में 6-7 घंटे लग सकते हैं। ऐसे में रात 7-8 बजे तक अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अबान को पिता अतीक के बगल में दफनाया जाएगा। यहीं उसके दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की भी कब्रें हैं।

