बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर
बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में गांव नगलिया, गंगेरुआ और अकबरपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया और उसे ध्वस्त कर दिया।
इस अभियान के दौरान, बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे एक अवैध निर्माण को भी सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
खुर्जा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या कॉलोनी विकास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी परेशानी से बचा जा सके।

