News

बुलंदशहर में संविदा लाइनमैन की पोल से गिरकर मौत

बुलंदशहर में सिकंदराबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भोरा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ बिजली विभाग में तैनात एक संविदा लाइनमैन अमित कुमार (33) की ड्यूटी के दौरान पोल से गिरकर मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की संवेदनहीनता के खिलाफ सिकंदराबाद-जेवर मार्ग स्थित वैर फ्लाईओवर पर शव रखकर जाम लगा दिया और उचित मुआवजे की मांग की।

परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, भोरा निवासी अमित कुमार पिछले आठ वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। शनिवार को वे गांव में ही बिजली लाइन को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े थे।

इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि पोल के ऊपर ही उन्हें अचानक उल्टी आई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे ऊंचाई से नीचे आ गिरे। जमीन पर गिरते ही अमित को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की तुरंत सूचना दिए जाने के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग की इस बेरुखी से नाराज होकर परिजनों और ग्रामीणों ने सिकंदराबाद-जेवर मार्ग (वैर फ्लाईओवर के पास) पर अमित का शव रखकर रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए न्याय और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम सिकंदराबाद और ककोड़ थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में बिजली विभाग की तरफ से उचित कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता व मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके बाद ही परिजन शव को सड़क से हटाने के लिए राजी हुए।

अमित कुमार की इस असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। अमित अपने पीछे बेहद असहाय परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन छोटे-छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र महज 8 वर्ष, 6 वर्ष और साढ़े 3 वर्ष है। घर में उनकी एक बुजुर्ग विधवा मां भी हैं। पूरे घर की आर्थिक जिम्मेदारी अकेले अमित के कंधों पर ही थी। इस हादसे ने मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *