बुलंदशहर के वेयरहाउस पर 450 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी का छापा
बुलंदशहर के सिकंदराबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गांव राजा रामपुर के संतोष वेयरहाउसिंग लिमिटेड पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। ईडी की टीम कई घंटों से वेयरहाउस परिसर में मौजूद है और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई।
ईडी की कार्रवाई केवल बुलंदशहर तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब में स्थित कुल 8 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। इनमें कंपनी के प्रमोटर, संबद्ध कंपनियां और अन्य सहयोगियों के ठिकाने शामिल हैं। ईडी की यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत संतोष ओवरसीज लिमिटेड और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ की जा रही है। मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की उस एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें बैंकों के कंसोर्टियम के साथ करीब 450 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध लेनदेन, कागजी (शेल) कंपनियों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

