News

गढ़ाकोटा : पत्रकार संघ ने तहसीलदार को सौंपे दो ज्ञापन

गढ़ाकोटा | राधेलाल साहू
गढ़ाकोटा (सागर)। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, ब्लॉक इकाई गढ़ाकोटा ने सोमवार को जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर तहसीलदार गढ़ाकोटा के माध्यम से कलेक्टर, जिला सागर के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इन ज्ञापनों में एक ओर विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जर्जर विद्यालय भवन को तत्काल ध्वस्त कराने की मांग की गई, वहीं दूसरी ओर प्रदेशभर में पिछले चार माह से लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
पत्रकार संघ के अध्यक्ष नितिन कुमार साहू के नेतृत्व में सौंपे गए पहले ज्ञापन में विकासखंड रहली के ग्राम सजरा स्थित शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक भवन की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय परिसर में वर्षों से खड़ा यह भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और कभी भी ढह सकता है। ऐसे में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
संघ ने मांग की कि संबंधित विभाग द्वारा तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा जर्जर भवन को शीघ्र ध्वस्त कर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पत्रकार संघ ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
इसी क्रम में दूसरे ज्ञापन के माध्यम से प्रदेशभर में पिछले लगभग चार माह से लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन का मुद्दा उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि वृद्धजन, निराश्रित, दिव्यांग एवं अन्य पात्र हितग्राही अपनी दैनिक आवश्यकताओं के लिए इस पेंशन राशि पर निर्भर हैं। लगातार कई माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। दवा, भोजन एवं अन्य आवश्यक खर्चों की व्यवस्था करना उनके लिए कठिन होता जा रहा है।
पत्रकार संघ ने प्रशासन से मांग की कि लंबित पेंशन राशि का तत्काल एकमुश्त भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में प्रत्येक माह निर्धारित तिथि के भीतर हितग्राहियों के बैंक खातों में समय पर राशि पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
दोनों ज्ञापन तहसीलदार गढ़ाकोटा को सौंपे गए। तहसीलदार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उन्हें कलेक्टर, जिला सागर को अग्रेषित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, ब्लॉक इकाई गढ़ाकोटा के अध्यक्ष नितिन कुमार साहू के साथ मुन्नालाल साहू, परसोत्तम कुशवाहा, शिवलाल चडार, राधेलाल साहू, मनोज कुमार साहू, संभू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
पत्रकार संघ ने प्रशासन से दोनों जनहित के मामलों में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा वृद्ध, निराश्रित एवं अन्य जरूरतमंद हितग्राहियों के हितों की रक्षा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *