यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय : 15 शहरों में रुक-रुक कर जोरदार बारिश
यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। मंगलवार सुबह से नोएडा, मेरठ, गोंडा समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। सहारनपुर में तड़के 4 बजे झमाझम बारिश हुई। 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट तक जलभराव हो गया। डीएम ऑफिस कैंपस में घुटनों तक पानी भर गया।
ऑफिसर्स कॉलोनी में भी पानी घुस गया, जहां जिला जज, कमिश्नर, नगर आयुक्त जैसे बड़े अफसरों के आवास हैं। शहर की ज्यादातर कॉलोनियां तालाब बन गईं। नोएडा में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। महिलाएं स्कूली बच्चों को कंधे पर बैठाकर चलती नजर आईं। बाइकें आधी डूब गईं।
मेरठ में विकास प्राधिकरण के दफ्तर के परिसर में पानी घुस गया। कैंप कार्यालय के बाहर पानी भरने से महापौर अंदर ही फंस गए। रायबरेली में बारिश से खेत में 2 फीट का गड्ढा हो गया। गांव वालों ने देखा तो सुरंग मिली। मौके पर पहुंचकर ASI ने जांच शुरू कर दी है।
मौसम विभाग (IMD) ने आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में बहुत भारी और 53 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा, यमुना, घाघरा, सरयू नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी में कटान से 120 बीघा गन्ने की फसल शारदा नदी में समा चुकी है। बलिया में सरयू का पानी गांवों में घुस गया है।

