ग्रेटर नोएडा में हुई जोरदार बारिश, मौसम सुहाना हुआ
ग्रेटर नोएडा में रविवार दोपहर को भारी बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। रविवार दोपहर को आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई।
हालांकि, बारिश के दौरान कई सेक्टरों में जलभराव की स्थिति भी सामने आई। नालों की सफाई न होने के कारण इन क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

