UP : पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी !
वाराणसी के नागर नाटक मंडली में रविवार को उस समय हंगमा शुरू हो गया जब एक निजी कंपनी के स्थापना दिवस समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खुद को पीड़ित बताने वाले निवेशक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। हाथों में बैनर और पोस्टर लिए लोगों ने जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि कंपनी ने निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम में मौजूद आयोजकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
विदेश यात्रा के दिया था ऑफर – पीड़ित
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वर्ष 2020 में Medallion Jewellers Pvt. Ltd. के नाम से पंजीकृत कंपनी ने नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। कंपनी पर आरोप है कि उसने 10 से 20 महीने में निवेश की गई राशि दोगुनी करने, सोना देने और विदेश यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर देकर बड़ी संख्या में लोगों से धन जमा कराया। पीड़ितों का कहना है कि शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को भुगतान कर विश्वास कायम किया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। अब न तो लोगों को उनका पैसा वापस मिल रहा है और न ही वादे के मुताबिक सोना या अन्य लाभ दिए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे पीड़ितों ने क्या कहा जानिए
पीड़ित निवेशक सत्य कुमार भगवान सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर यहां पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। उनका कहना है कि उनका स्वयं का लगभग 11 लाख रुपये कंपनी में फंसा हुआ है, जबकि उनकी टीम के लोगों का करीब 90 लाख रुपये अभी तक वापस नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे की मांग करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं।
सत्य कुमार ने आरोप लगाया कि कंपनी के संचालक के रूप में सत्यजीत नामक व्यक्ति की भूमिका प्रमुख रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि संबंधित लोग यहां मौजूद होंगे, लेकिन विरोध की आशंका के चलते मुख्य आरोपी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे। उन्होंने मांग की कि मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर निवेशकों का पैसा वापस कराया जाए ताकि भविष्य में अन्य लोग इस तरह की योजनाओं का शिकार न बनें। मौके पर पहुंची एसीपी विदुष ने कहा – पिछले कुछ दिनों से कंपनी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कार्यक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कई पीड़ितों ने लिखित शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और दस्तावेजों के साथ-साथ कंपनी की गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

