News

खुर्जा : क्रीमी फूड्स लिमिटेड से फर्जीवाड़े का मामला; डेयरी संचालक समेत 5 पर केस

बुलंदशहर के खुर्जा स्थित मधुसूदन दुग्ध प्लांट (क्रीमी फूड्स लिमिटेड) से करीब ढाई करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ज्योति डेयरी के संचालक ओम प्रकाश सिंह, उनके बेटे महेंद्र सिंह समेत पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़ी अवैध संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है।

एसपी देहात आईपीएस अंतरिक्ष जैन के मुताबिक, क्रीमी फूड्स लिमिटेड के प्रबंधक लखन लाल शर्मा ने 24 जनवरी 2025 को खुर्जा देहात थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें ज्योति डेयरी संचालक ओम प्रकाश सिंह, महेंद्र सिंह, प्रेम कुमार गौतम, भूपेंद्र और सचिन पर कंपनी के साथ करीब ढाई करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया गया था।

जांच में गिरोह बनाकर अपराध करने की बात आई सामने

केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी आपस में गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए धोखाधड़ी और वित्तीय गड़बड़ी कर रहे थे। इसी आधार पर सोमवार को पांचों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

अब अवैध संपत्ति पर पुलिस की नजर

पुलिस का कहना है कि संगठित तरीके से आर्थिक अपराध करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जांच टीम आरोपियों ने अपराध से कितनी संपत्ति जुटाई, इसका ब्योरा खंगाल रही है। संपत्तियों की पहचान होने के बाद उन्हें कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *