प्रयागराज: उमेश पाल की पत्नी को धमकी- RDX से उड़ा देंगे
प्रयागराज की जिला अदालत में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर बहस शुरू हो गई। मंगलवार दोपहर 3:15 बजे उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने SC/ST कोर्ट पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया।
जया से जब उनके पति की हत्या को लेकर सवाल हुए तो वे भावुक हो गईं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया। कोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, मुझे सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कहा जा रहा है कि RDX से उड़ा दिया जाएगा।
जया पाल ने सवाल पूछा कि आरोपी गुड्डू मुस्लिम, साबिर, अरमान कहां हैं, पुलिस क्यों इन्हें ढूंढ नहीं पा रही है? जया अपने साथ एक सोशल मीडिया पोस्टर लेकर आई थीं, जिस पर धमकियां लिखी थीं। कोर्ट में अपनी बातें रखने के बाद जया पाल ने पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
प्रयागराज में 24 फरवरी, 2023 को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल 2005 में हुए बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे। हत्याकांड की साजिश रचने और इसे अंजाम देने का आरोप माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, बेटे असद और उनके गुर्गों पर लगा था।
जया पाल ने कहा- मेरी जान को खतरा है। आज भी मेरी रेकी की गई है। अतीक गैंग से जुड़े कुछ लोग अब भी सक्रिय हैं।
उन्होंने अपनी सुरक्षा और बढ़ाए जाने की मांग को लेकर कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया और सीसीटीवी फुटेज दिए। कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को तत्काल सुरक्षा बढ़ाए जाने का आदेश जारी किया। जया पाल ने कहा- मुझे आज वो सीन याद आ रहा है…मेरे पति कोर्ट से ही लौटकर गए थे तो रास्ते में उन्हें बेरहमी से मार दिया गया था। मेरी भी हत्या हो जाएगी, जैसे मेरे पति की हत्या हुई थी। आरोपी गुड्डू मुस्लिम, साबिर, अरमान को पुलिस अब पकड़ क्यों नहीं पा रही है।
जया पाल ने अतीक अहमद के सबसे बड़े बेटे उमर का पोस्टर दिखाया। उमर उंगली दिखाकर चुप रहने के लिए कह रहा है। ये इशारा किसके लिए है। रोज सोशल मीडिया पर चल रहा है कि उमर आएगा, अली आएगा, अहजम बाहर है। मेरे परिवार को टार्चर किया जा रहा है। मुझे इंसाफ चाहिए।
जया पाल के कोर्ट पहुंचने की वजह से सुरक्षा इंतजाम कड़े रहे। उमेश पाल की पत्नी कई वकीलों और समर्थकों के साथ अदालत पहुंची थीं। इससे पहले एक सितंबर को भी जया पाल ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था।

