लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
लखनऊ में एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी गई। बदमाश पिस्टल लहराते हुए मौके से भाग निकले। आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना पीजीआई थाना क्षेत्र में कल्ली पश्चिम में बुधवार दोपहर में हुई।
घायल की पहचान जौनपुर के रहने वाले संदीप सिंह के रूप में हुई। गोली चलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं। वर्तमान में अपने परिवार के साथ कालिंदी पार्क के पास रहते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव मार्केट में अपने ऑफिस पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि संदीप कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे। तभी अपाचे बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संदीप घायल होकर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, हमला करने वाले बाइक सवार बदमाश काफी पेशेवर अंदाज में आए थे। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा हमलावर कपड़े से चेहरा ढक रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।
इससे साफ है कि हमलवार पेशेवर बदमाश थे। घायल संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह, बेटा सार्थक सिंह और बेटी सीवी सिंह हैं। एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारी प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस ऑफिस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है। हमलावरों की पहचान की कोशिश जारी है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश सहित विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।

