Hindi News LIVE

यूपी के 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET: जल्द एग्जाम की डेट आएगी

यूपी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के सेवारत करीब 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) कराने का आदेश जारी कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के 1.86 लाख शिक्षकों की नौकरी पर संकट के बादल छा गए थे।

अब यूपीटीईटी नहीं पास करने वाले शिक्षक भी इस स्पेशल परीक्षा को पास करके अपनी नौकरी बचा सकेंगे। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि इससे 2011 से पहले कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, अभी परीक्षा की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन, जल्द ही परीक्षा होने की बात कही जा रही है।

विशेष TET 150 अंकों की होगी, जिसमें बहुविकल्पीय (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा ढाई घंटे की होगी। हर सवाल एक अंक का होगा और परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी नहीं होगी। जल्द परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी। सामान्य वर्ग के शिक्षकों को परीक्षा में कम से कम 90 अंक यानी 60% अंक हासिल करने होंगे। वहीं, एससी, एसटी, ओबीसी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 82 अंक यानी 55% अंक लाने पर पास माना जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के सामान्य अभ्यर्थियों के लिए भी पास होने के लिए 82 अंक जरूरी होंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विशेष TET के आयोजन की कार्ययोजना जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को जल्द विज्ञापन जारी कर परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सामान्य TET उन लोगों के लिए होती है, जो शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करना चाहते हैं। जबकि स्पेशल TET उन शिक्षकों के लिए होगी, जो पहले से सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। लेकिन, अभी तक TET पास नहीं किया है। स्पेशल TET परीक्षा के लिए करीब 62 हजार कार्यरत शिक्षक ही आवेदन कर पाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में करीब 1 लाख 42 हजार 818 शिक्षक इस परीक्षा से प्रभावित हुए थे। इनमें से करीब 86 हजार शिक्षक हाल में हुई TET परीक्षा पास कर चुके हैं।

2028 तक TET पास करना जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 1 सितंबर को दिए आदेश में सभी कार्यरत शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी किया था। इसके बाद शिक्षक संगठनों ने विशेष राहत की मांग को लेकर आंदोलन किया था। शासन ने कार्यरत शिक्षकों के लिए अलग से विशेष TET कराने की घोषणा की थी। अब इसकी कार्ययोजना को मंजूरी दे दी गई है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *