अब ₹500 तक के UPI पेमेंट पर नहीं आएगा SMS अलर्ट
HDFC Bank UPI SMS Alerts: आपका खाता भी अगर एचडीएफसी बैंक में हैं और आप यूपीआई पेमेंट करते हैं तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. एचडीएफसी बैंक ने ₹500 या उससे कम राशि के यूपीआई लेनदेन पर एसएमएस अलर्ट भेजना बंद करने का फैसला किया है. नया नियम 1, जनवरी, 2027 से लागू होगा. हालांकि, ग्राहकों को यूपीआई ट्रांजेक्शन के लिए ईमेल नोटिफिकेशन मिलते रहेंगे. यह बदलाव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन अलर्ट से जुड़े संशोधित दिशानिर्देशों के बाद किया जा रहा है.
एचडीएफसी बैंक ने कस्टमर्स को एक नोटिफिकेशन के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी है. इसका मतलब है कि अगर आप ₹100, ₹200, ₹400 या ₹500 का यूपीआई भुगदान करता है, तो आपको बैंक एसएमएस करके यह नहीं बताएगा कि आपके बैंक खाते से पैसे कट गए हैं. हालांकि, ₹500 से अधिक के भुगतान पर पहले की तरह एसएमएस नोटिफिकेशन मिलते रहेंगे. एचडीएफसी बैंक यह बदलाव इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन के अलर्ट से संबंधित आरबीआई के संशोधित निर्देशों के बाद किया है. संशोधित निर्देश केवल यूपीआई भुगतान तक सीमित नहीं हैं. ये व्यापक रूप से इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन पर लागू होते हैं. इसके तहत बैंकों को छोटे मूल्य के लेनदेन के लिए अपनी एमएमएस अलर्ट नीतियां निर्धारित करने की स्वतंत्रता दी गई है.
संशोधित फ्रेमवर्क के तहत बैंकों को ₹500 से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन के लिए तुरंत एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा. वहीं, ₹500 या उससे कम राशि के लेनदेन के लिए बैंक अपनी नीतियों के आधार पर यह तय कर सकते हैं कि एसएमएस नोटिफिकेशन भेजना है या नहीं. हालांकि, यदि कोई बैंक ₹500 या उससे कम के लेनदेन के लिए SMS अलर्ट देने का विकल्प चुनता है, तो वह इस सेवा के लिए ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं ले सकता.

