Hindi News LIVE

अफगानिस्तान में स्कूल के पास भीषण धमाका

Afghanistan School Blast: अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में आज की सुबह बेहद दर्दनाक रही. यहां एक जोरदार धमाके ने स्कूली बच्चों की खुशियां मातम में बदल दीं. कुनार प्रांत में एक माध्यमिक स्कूल के पास तेज धमाका हुआ और कम से कम 6 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 अन्य घायल हो गए. बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.

कुनार प्रांतीय अस्पताल के प्रमुख मौला दाद ने जानकारी दी है कि अब तक सिर्फ शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं और इलाज के दौरान इसके और बढ़ने की आशंका है. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक विस्फोट की वजह डायनामाइट का गलत तरीके से रखा जाना हो सकता है. हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच टीम धमाके के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

स्कूल के पास आखिर कैसे हुआ धमाका?

कुनार प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता फरीद देहकान बता रहे हैं कि सुबह करीब 10 बजे अंदर सेर इलाके में स्कूल के नजदीक विस्फोट हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों ने बताया कि धमाका स्कूल के बगल में बने एक घर में हुआ था और इस घर में खनन का काम करने वाले लोग रहते थे. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यहां डायनामाइट जमा करके रखा गया था. इस घटना ने अफगानिस्तान में स्कूलों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इससे पहले इसी साल अगस्त में काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था, जिसमें 9 से 14 साल की उम्र के 40 से ज्यादा बच्चे घायल हुए थे. चूंकि कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से लगा हुआ है और यहां सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी रहती हैं. ऐसे में स्कूल के आसपास विस्फोटक सामग्री का रखा जाना भी गंभीर चिंता का विषय है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरी बात सामने आएगी.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *