उज्जैन के कार्तिक मेले में सजा गधा बाजार, अनोखी शादी
उज्जैन. बाबा महाकाल की नगरी में लगने वाले कार्तिक मेले की रौनक सिर्फ झूलों और दुकानों तक सीमित नहीं है. यहां वर्षों पुरानी एक ऐसी परंपरा भी निभाई जाती है, जो आज के दौर में लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी हुई है. बड़नगर रोड स्थित कार्तिक मेले में गधों के पारंपरिक बाजार की शुरुआत अनूठे अंदाज में हुई. पशुपालकों ने गधों का पूजन कर उन्हें गुलाब जामुन का भोग खिलाया. इसके साथ ही गधों की खरीद का सिलसिला भी शुरू हो गया.
इस दौरान मेले में गधों की प्रतीकात्मक बारात और विवाह की रस्म भी आकर्षण का केंद्र रही. पशुपालकों ने गधे और गधी का पारंपरिक तरीके से पूजन किया. समाज के लोगों ने गधे महाराज के जयकारे लगाए. इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए मेले में पहुंचे लोगों की भीड़ जुटी रही. आधुनिक समय में भले ही निर्माण और परिवहन के कामों में गधों का उपयोग पहले की तुलना में कम हो गया हो, लेकिन इस बाजार ने आज भी अपनी अलग पहचान कायम रखी है.
सलमान और ऐश्वर्या नाम के गधे बने चर्चा का विषय
कार्तिक मेले के गधा बाजार में सिर्फ खरीदारों की नजर कीमत और नस्ल पर नहीं रहती, बल्कि यहां आने वाले गधों के नाम भी लोगों को आकर्षित करते हैं. इस बार बाजार में सलमान, शाहरुख, ऐश्वर्या, जैकलिन, शबनम और शबाना जैसे नाम वाले गधे चर्चा में हैं. फिल्मी सितारों के नाम पर रखे गए इन गधों को देखने और उनके बारे में जानने के लिए लोग उत्सुक नजर आए. यही वजह है कि पशुओं का यह बाजार मेले में अपनी अलग ही पहचान बना रहा है. गधा पालक मनोज बाबूलाल प्रजापत के अनुसार, इस वर्ष बाजार में गधों की कीमत 15 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक है. प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से पशुपालक और व्यापारी यहां खरीद के लिए पहुंचे हैं. कार्तिक पूर्णिमा से पहले लगने वाला यह बाजार लंबे समय से व्यापार और परंपरा का हिस्सा रहा है. यहां होने वाली खरीदारी से दूर-दराज के पशुपालकों को भी व्यापार का अवसर मिलता है.

