TMC सांसद मिताली की कार पर ईंट-पत्थर, लाठियों से हमला, सांसद, उनका ड्राइवर घायल
पश्चिम बंगाल के हुगली में सोमवार को TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। TMC का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गोगहाट में उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया।
हमला उस वक्त हुआ, जब मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। हमले में कार के शीशे टूट गए। सांसद और उनके ड्राइवर को चोट आई है। दोनों को आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
TMC ने अपने ट्वीट में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। उसी के बाद यह हमला हुआ।
- उत्तर 24 परगना के जगदल में रविवार रात को BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम भी फेंके गए। इसमें तीन लोग घायल हुए, जबकि एक CISF जवान के पैर में गोली लगी है।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना में रैली की। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बंगाल की दशा और दिशा दोनों बदलने वाली है। यह चुनाव सिर्फ बंगाल ही नहीं, पूरे पूर्वी भारत का भविष्य तय करेगा।
केंद्र सरकार ने सेकेंड फेज की वोटिंग से ठीक दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धनाथ गुप्ता के कार्यकाल को 30 अप्रैल 2026 के बाद छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। पश्चिम बंगाल के हुगली में TMC सांसद मिताली बाग पर हमले को लेकर पार्टी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। TMC का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा और उसी के बाद यह हमला हुआ।
TMC ने आरोप लगाया कि मिताली बाग पर भाजपा समर्थकों ने हमला किया, उनकी कार में तोड़फोड़ की गई और शीशे तोड़ दिए गए, जिससे कांच के टुकड़े उनके शरीर में लगे।
पार्टी ने इसे एक निर्वाचित सांसद की जान लेने की कोशिश बताया और कहा कि यह हमला सीधे तौर पर अमित शाह के बयान के बाद हुआ। TMC का आरोप है कि यह घटना भाजपा की हार की आशंका के बीच हुई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भी सात दिनों तक केंद्रीय बल तैनात रहेंगे। भले ही भाजपा सत्ता में आ जाए।

