Dailynews

यूपी रोडवेज ने बसों का बढ़ाया किराया

Share News
13 / 100

लखनऊ : यूपी में रोडवेज बसों से सफर करना महंगा हो गया है। परिवहन निगम ने प्रति टोल 1 से 3 रुपए किराया बढ़ाया है। सोमवार रात 12 बजे से बढ़ा हुआ किराया लागू होगा। UPSRTC के प्रवक्ता अजीत प्रताप सिंह ने बताया- नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल टैक्स बढ़ा दिया है। इसी कारण परिवहन निगम ने किराया बढ़ाया है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

बता दें, NHAI ने आज यानी 3 जून से टोल टैक्स में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। सभी टोल टैक्स की दरों में औसतन 5% की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर रोजाना आने-जाने करीब तीन लाख छोटे और भारी वाहनों पर पड़ेगा। NHAI के परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया ने बताया कि अब वाहन चालकों को पहले के मुकाबले 5 से 25 रुपए ज्यादा टोल टैक्स देना पड़ेगा।

image

ऐसे समझें कितना देना पड़ेगा किराया
अगर आप लखनऊ से प्रयागराज जाते हैं और तीन टोल गेट पड़ते हैं, तो अब किराए में तीन रुपए तक अधिक देना पड़ेगा। लखनऊ से वाराणसी के सफर के लिए भी 3 रुपए एक्स्ट्रा देने पड़ेंगे। पहले किराया 467 रुपए था, जो बढ़कर 470 रुपए हो गया है। इसी तरह अयोध्या और गोरखपुर के किराए में 1 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।

16 लाख यात्रियों पर पड़ेगा असर
उत्तर प्रदेश में करीब 11 हजार 800 रोडवेज बस हैं। ये बस प्रदेश के 75 जिलों के अलावा दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्य के लिए चलती हैं। प्रतिदिन करीब 16 लाख यात्री यूपी रोडवेज की बसों से सफर करते हैं। बस का किराया बढ़ने का असर करीब 16 लाख यात्रियों पर पड़ेगा।

कुछ टोल पर नई दरें नहीं होंगी लागू
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के टिकट में हर यात्री से टोल का सरचार्ज लिया जाता है। यह सरचार्ज संशोधित होने पर बदल जाता है। हर बस में 35 यात्रियों को आधार बनाकर सरचार्ज का आकलन होता है।

जिन मार्गों पर टोल दरें पहले 50 पैसे से कम रही हैं, वहां अब नई दरें लागू होने से सरचार्ज 50 पैसे से अधिक हो रहा है, इससे बसों का किराया बढ़ रहा है। कई ऐसे भी टोल हैं, जहां नई दरों के बाद भी सरचार्ज की बढ़ोतरी 50 पैसे तक ही हुई है, वहां किराए में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

अक्टूबर 2023 में कम हुआ था राजधानी बस का किराया
UPSRTC के निदेशक मंडल की 246वीं बैठक 18 अक्टूबर 2023 को हुई थी। 10 फीसदी किराया सस्ता करने पर मंजूरी दी गई थी। इसके बाद राजधानी बसों के किराए में प्रति किमी 1 रुपया 30 पैसे की कमी की गई थी। पहले किराया प्रति किमी 1 रुपया 43 पैसा था। प्रदेश भर में 168 राजधानी बसें चलती हैं।

फरवरी 2023 में बढ़ा था किराया
फरवरी 2023 में रोडवेज ने किराया बढ़ाया था। परिवहन निगम की ओर से साधारण बसों में 25 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ाया गया था। पहले प्रति किलोमीटर 1 रुपए 5 पैसे के हिसाब से किराया देना होता था। 25 पैसा बढ़ाने के बाद प्रति किलोमीटर 1 रुपए 30 पैसे के दर से किराया ले रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *