बुलंदशहर : दरोगा ने भाई को फंसाने को रची हनीट्रैप साजिश
बुलंदशहर में गुलावठी पुलिस ने एक हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 50 बीघा पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी कारण यूपी पुलिस के दरोगा ने अपने भाई को फंसाने के लिए इस गिरोह की मदद ली थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित राकेश कुमार आर्मी से रिटायर हैं। उनका अपने दरोगा भाई नीरज कुमार से 50 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रामपुर में तैनात दरोगा नीरज ने हनीट्रैप गिरोह को राकेश का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद गिरोह की रामपुर निवासी सदस्य रानी ने राकेश से दोस्ती बढ़ाई। उसे मिलने के लिए बुलाया।
मुलाकात के दौरान महिला और उसके साथियों ने पीड़ित के फोटो और वीडियो बना लिए। इन फोटो और वीडियो के आधार पर पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये न देने पर फोटो और वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
महिला अपने साथियों के साथ पीड़ित के खिलाफ फर्जी शिकायत दर्ज कराने भी पहुंच गई थी। पीड़ित की शिकायत पर गुलावठी पुलिस सक्रिय हुई। जांच के दौरान पूरा हनीट्रैप गिरोह पुलिस के रडार पर आ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से कार और 4 मोबाइल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में ओमकार सिंह, पवन, मुन्ना कुमार, राजू उर्फ इश्तियाल और रानी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर पहले से ही हत्या, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

